बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : नगर पंचायत पवनी में हुए लाखों की चोरी का 24 घंटे में खुलासा…एक आरोपी गिरफ्तार…
बिलाईगढ़ : बिलाईगढ़ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 7,71,000 रुपये की संपत्ति बरामद की है।
मामले में प्रार्थी रामलाल साहू (58 वर्ष), निवासी नगर पंचायत पवनी, थाना बिलाईगढ़ ने 12 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी की दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे वे परिवार सहित घर में ताला लगाकर कार खरीदने कसडोल गए थे। रात लगभग 10:30 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। आलमारी में रखे बैग से सोने-चांदी के जेवरात, 3,000 रुपये नगद और आधार कार्ड अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने शादी समारोह में आए टेंट, कैटरिंग और कैमरा कर्मियों से पूछताछ की। पूछताछ में टेंट में काम करने वाला कर्मचारी कौशिक प्रधान (19 वर्ष), निवासी अमलीडीह थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा, संदेह के दायरे में आया। पुलिस पूछताछ में वह घबराने लगा और विरोधाभासी जवाब देने लगा। डॉग स्क्वायड की मदद से सघन पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से 6 तोला 2 ग्राम सोने के जेवरात (कीमत 5,59,000 रुपये), 800 ग्राम चांदी के जेवरात (कीमत 1,79,000 रुपये), 3,000 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 30,000 रुपये) बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय एवं एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई।








