डिम्पल कश्यप नवोदय क्लासेस सरसीवां के आठ बच्चों का नवोदय विद्यालय में चयन…
बिलाईगढ़ : सारंगढ़ -बिलाईगढ़ के विकास खंड -बिलाईगढ़ के अंतर्गत नगर पंचायत सरसीवां में संचालित “डिम्पल कश्यप नवोदय क्लासेस सरसीवां” के कुल बारह बच्चों में से प्रतिभावान आठ बच्चों का प्रथम वर्ष में ही जवाहर नवोदय विद्यालय में धमाकेदार चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। यह सफलता शिक्षिका श्रीमती सावित्री कश्यप के कुशल मार्गदर्शन, अभिभावकों और बच्चों की कड़ी मेहनत,लगन एवं श्रद्धा के फलस्वरूप प्राप्त हुई है जो कि इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि एवं गौरव की बात है । नवोदय विद्यालय में चयनित छात्रों में पुष्पेन्द्र सिंह मरावी 96.25%,थर्स कुमार साहू 93.75%,तनमय साहू 92.50%,मोनिषा साहू 91.25%, पूनम कुर्रे 90%, हेमंत कुमार साहू 87.50%, दीपशिखा साहू 86.25% एवं प्रांजय खंडेलवाल 85% शामिल हैं।इन सभी बच्चों ने सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और अनुशासन से यह सफलता अर्जित की है।
इस शानदार उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। स्थानीय शिक्षक, अभिभावक और छात्र -छात्राऐं इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता मान रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से इतने बड़े पैमाने पर चयन नवोदय जैसी प्रतिष्ठित संस्था में प्रवेश पाना स्थानीय स्तर पर प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। यह सफलता कठिन परिश्रम, बेहतर तैयारी और शिक्षिका -छात्रों के संयुक्त प्रयास का नतीजा है। इस अद्भुत सफलता के पीछे नवोदय क्लासेस की समर्पित शिक्षिका व मार्गदर्शक श्रीमती सावित्री कश्यप की अथक मेहनत और दृढ़ संकल्प है। उन्होंने इस कार्य को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और अपनी मेहनत को कई गुना बढ़ा दिया तपती गर्मी के महीने में भी उन्होंने बच्चों के लिए विशेष नवोदय समर क्लासेस का आयोजन किया। प्रतिदिन माडल पेपर तैयार करना, नियमित साप्ताहिक एवं मासिक परीक्षा लेना और बच्चों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन देना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। उनकी इसी निष्ठा और समर्पण ने बच्चों के भविष्य को एक नई दिशा दी।
नगर में खुशी का माहौल : यह सफलता न केवल कोचिंग क्लासेस बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।यह दिखाती है कि लगन, मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। आज पूरा का पूरा नगर उत्साहित हैऔर क्षेत्र गौरवान्वित है।
प्रेरणा स्रोत : ज्ञात हो कि “डिम्पल कश्यप नवोदय क्लासेस सरसीवां”को प्रारंभ करने के पीछे शिक्षिका श्रीमती सावित्री कश्यप की प्रतिभाशाली सुपुत्री डिम्पल कश्यप का हाथ है। पिछले वर्ष डिम्पल कश्यप का जवाहर नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल चयन परीक्षा में एक साथ चयन हुआ था जो अभी वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा जिला सक्ती में कक्षा -6 वीं की नियमित अध्ययनरत छात्रा है। इस प्रतिभाशाली बालिका ने इसके पूर्व राज्य स्तरीय नवोदय जांच परीक्षा बिर्रा -2025में चतुर्थ स्थान, निकिता कोचिंग सेंटर सरसीवां में दो बार प्रथम स्थान एवं महावीर एकेडमी सारंगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इनको राज्य स्तरीय जांच परीक्षा में पुरूस्कार स्वरूप 7000/-नगद एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया था। अपनी सुपुत्री डिम्पल कश्यप की इस शानदार कामयाबी एवं प्रतिभा संपन्नता से प्रभावित एवं प्रेरित होकर शिक्षिका श्रीमती सावित्री कश्यप ने स्वयं “डिम्पल कश्यप नवोदय क्लासेस सरसीवां” की स्थापना कर इस क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा को तराशने का बीड़ा उठाया और शानदार सफलता प्राप्त की। इन्होंने अपने प्रथम प्रयास में ही कुल बारह बच्चों में से आठ बच्चों का नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में चयनित करवा कर सिद्ध कर दिया कि लगन, मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
डिम्पल कश्यप नवोदय क्लासेस सरसीवां के नवोदय विद्यालय में चयनित प्रतिभावान आठ छात्र – छात्राओं को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं शुभचिंतकों ने बधाई एवं उज्जवल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित किया है।








