भटगांव पुलिस की बड़ी कार्यवाही…एनडीपीएस मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार…
सारंगढ़ : पुलिस अधीक्षक अंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे और एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में भटगांव पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से गांजा लेकर भटगांव की ओर आ रहे हैं। सूचना पर थाना गेट के सामने मेन रोड पर गवाहों की उपस्थिति में वाहन चेकिंग की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल खान कबाड़ी दुकान के पास धीमी हुई, जिससे पीछे बैठा व्यक्ति उतरकर बस्ती की ओर भाग गया। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अरुण यादव (27 वर्ष), निवासी मल्दी, थाना बिलाईगढ़ बताया। उसके पास से 5 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त किया गया। उसे उसी दिन गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
फरार आरोपी वकेश्वर वर्मा (25 वर्ष), निवासी मल्दी, को लगातार पतासाजी के बाद 10 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में एएसआई बलीराम निराला, आरक्षक लक्ष्मीकांत, तानजय, खेलवन बघेल सहित थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।








