सारंगढ़-बिलाईगढ़ : पांच लोगों की हत्या का प्रयास…तीन की मौत…दो की हालत गंभीर…
सारंगढ़-बिलाईगढ़ : सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला के बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल में सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे सनसनीखेज हत्याकांड की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार कुमर साय के परिवार पर उस समय हमला किया गया, जब सभी सदस्य घर में सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने अचानक घर में घुसकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बरमकेला पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।








