बलौदाबाजार : 11 साल के बच्चे ने फांसी लगाकर की आत्महत्या…जांच में जुटी पुलिस…
बलौदाबाजार : जिले के ग्राम गाड़ाकुसमी में 11 वर्षीय एक बच्चे ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के समय घर पर उसके छोटे भाई-बहन और दादी मौजूद थे।घटना का पता तब चला जब बच्चे के छोटे भाई-बहनों ने दादी को बताया कि उनका बड़ा भाई कुछ अजीब कर रहा है। दादी ने जब देखा तो उनका पोता फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। तुरंत पड़ोसियों को जानकारी दी। बच्चे को जर्वे स्थित स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए पलारी अस्पताल रेफर कर दिया। पलारी अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चे के पिता रोहित यादव ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। मृतक उनका सबसे बड़ा बेटा था। उसने इस साल पांचवीं कक्षा पास की थी और छठवीं में प्रवेश लेने वाला था। घटना के समय वे बिलासपुर गए हुए थे। रास्ते में ही उन्हें अपने बेटे की मौत की खबर मिली।
परिवार के अनुसार, बच्चे ने आत्महत्या क्यों की, इसकी कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। गिधपुरी पुलिस थाना ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बच्चे के आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।