शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का हुआ आयोजन…
रायपुर : 15 मार्च 2026 को रायपुर स्थित वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में एक भव्य एवं गरिमामय राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह इस पंजीकृत अकादमी के संस्थापक राज्यपाल व राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित संजय कुमार मैथिल सर तथा अध्यक्ष राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित मीना भारद्वाज एवं समस्त प्रदेश पदाधिकारियों के सौजन्य से संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पधारे उत्कृष्ट शिक्षकों, समाजसेवियों एवं कलाकारों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए “राज्य स्तरीय कर्मवीर रत्न सम्मान” से अलंकृत किया गया।
उक्त सम्मान समारोह में कसडोल वि ख के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला डेराडीह में पदस्थ तुलसी प्रसाद साहू सहायक शिक्षक को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक कार्य, सामाजिक सेवा, साहित्य सृजन तथा संगठन के प्रति समर्पित योगदान के लिए राज्य स्तरीय कर्मवीर रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उन्हें साल, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के लिए प्रेरणा का एक सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में विधायक कविता प्राण लहरे (बिलाईगढ़) तथा सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी अभिनेत्री मोना सेन की गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और भी बढ़ाया। शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ के प्रदेश पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मान मिलने से अपने कार्यो को और अच्छे से संपादित करने के लिए ऊर्जा मिलेगी।








