नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने संभाला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का कार्यभार…
सारंगढ़ : वर्ष 2017 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी श्री सुनील शर्मा ने मंगलवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी अब उनके हाथों में आ गई है।
श्री सुनील शर्मा प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखते हैं। इससे पूर्व वे सुकमा और सरगुजा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पुलिस मुख्यालय रायपुर में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) तथा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के एडीसी (एड-डी-कैंप) के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके अनुभव और कार्यशैली से जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया तथा शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, एसडीओपी सारंगढ़ श्रीमती स्नेहिल साहू, एसडीओपी बिलाईगढ़ श्री विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित एसपी कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवपदस्थ एसपी श्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, जनसहभागिता बढ़ाने तथा पुलिस-जन संवाद को प्रभावी बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल की उम्मीद की जा रही है।

