गिधौरी : झाड़-फूंक और बैगागिरी की आड़ में महिला से छेड़छाड़ करने वाला 60 वर्षीय वृद्ध आरोपी गिरफ्तार…
गिधौरी : महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने हेतु नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (भापुसे) के कड़े निर्देश एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिला पुलिस बल निरंतर सक्रिय है। इसी कड़ी में थाना गिधौरी-टुंडरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए झाड़-फूंक और बैगागिरी की आड़ में एक महिला से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने वाले बुजुर्ग आरोपी बैगा को गिरफ्तार कर करने में सफलता हासिल की है।
झाड़-फूंक के बहाने की थी अश्लील हरकत : दिनांक 16.07.2026 को सायं 06.30 बजे पीड़िता के परिवार में अस्वस्थता (शरीर में दर्द) होने के कारण घरेलू उपचार और पारंपरिक झाड़-फूंक के लिए स्थानीय स्तर पर बैगा का काम करने वाले आरोपी ननका साहू उर्फ राम कृपाल साहू को घर बुलाया गया था। घर के सदस्यों की झाड़-फूंक करने के बाद, आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़िता के पति को कमरे/परछी से बाहर भेज दिया। कमरे में पीड़िता को अकेला पाकर आरोपी बैगा ने छेड़छाड़ की और अश्लील हरकतें करने लगा। पीड़िता द्वारा शोर मचाने और अपने पति को आवाज देने पर आरोपी बैगा वहां से डरकर भाग खड़ा हुआ।
पुलिस ने तत्काल दी दबिश, आरोपी को किया गिरफ्तार : पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में दी गई लिखित शिकायत पर तत्परता से संज्ञान लेते हुए थाना गिधौरी-टुंडरा पुलिस में तुरंत अपराध क्रमांक 148/2026, धारा 74 बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी ननका साहू उर्फ राम कृपाल साहू को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अपराध सिद्ध पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध किया गया तथा आरोपी ननका साहू उर्फ राम कृपाल साहू को आज दिनांक 17/07/2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।

