घटमड़वा नाला बांधा में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझी…आरोपी किशन साहू गिरफ्तार…आरोपी ने ऐसे दिया था घटना को अंजाम…
बलौदाबाजार : जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घटमड़वा नाला में मिले 19 वर्षीय युवक के शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। थाना गिधौरी, एफएसएल एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपी किशन साहू (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लोहे के फावड़े से सिर, माथे और आंख के पास वार कर युवक की हत्या करना स्वीकार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित घटमड़वा नाला बांधा के पानी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19 वर्ष), पिता संतोष टंडन के रूप में हुई। शव के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि 13 नवंबर को दोपहर के समय मृतक आदित्य टंडन को किशन साहू के साथ बांधा तालाब घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। इस दौरान किशन के हाथ में फावड़े जैसा औजार भी नजर आया। संदेह के आधार पर पुलिस ने किशन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
अपमान और संदेह बना हत्या की वजह : पुलिस के अनुसार, आरोपी किशन साहू को संदेह था कि मृतक उसकी बहन पर गलत नीयत रखता है। इसके अलावा मृतक द्वारा उसकी शारीरिक बनावट को लेकर कथित तौर पर ‘काला और कुरूप’ कहकर अपमानित किए जाने से वह मानसिक तनाव और आक्रोश में था। इसी आवेश में आकर उसने लोहे के फावड़े से आदित्य के सिर, माथे और आंख के पास वार कर उसकी हत्या कर दी तथा शव को पानी में फेंक दिया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 239/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 15 नवंबर 2026 को आरोपी किशन साहू, पिता ईतवारी साहू, निवासी ग्राम गिधौरी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

