सारंगढ़ : नवपदस्थ एसपी सुनील शर्मा एक्शन मोड में, पहली समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश…
सारंगढ़ – जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री सुनील शर्मा ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अपनी कार्यशैली का स्पष्ट संदेश दे दिया। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री शर्मा ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारियों की बैठक में कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एसपी ने जिले में कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए प्रभावी पुलिसिंग के लिए समन्वय और सतर्कता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
एसपी श्री सुनील शर्मा ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और पुलिस पर उनका विश्वास ही विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण, फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा जिले में अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, एसडीओपी सारंगढ़ श्रीमती स्नेहिल साहू, एसडीओपी बिलाईगढ़ श्री विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से नवपदस्थ एसपी ने स्पष्ट संकेत दिया कि जिले में प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

