बलौदाबाजार : मेहता नगर में युवक की हत्या के 8 घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार…
बलौदाबाजार : मेहता नगर भाटापारा में युवक की हत्या के मामले में भाटापारा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने तत्परता से कार्रवाई की।
10 फरवरी 2026 की सुबह सूचना मिली कि मेहता नगर बस्ती में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में मृतक की पहचान सोनू गायकवाड, निवासी ग्राम पेंडरी-भटभेरा थाना सुहेला, हाल निवासी मेहता नगर के रूप में हुई। वह पिछले छह माह से यहां रहकर मजदूरी का काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में अज्ञात आरोपी द्वारा धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या करना प्रतीत हुआ। मामले में अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर संदेही लक्की भारद्वाज (20 वर्ष), निवासी मेहता नगर, को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पिलाने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिस पर उसने लोहे के टंगिया से सोनू के गले पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद टंगिया को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।








