राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में बलौदा बाज़ार के तुलसी प्रसाद साहू ने बढ़ाया जिले का मान, ‘नवदीप गुरु गौरव सम्मान 2026’ से हुए सम्मानित…
कसडोल : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित शिक्षकों का सम्मान न केवल उनके कार्यों का मूल्यांकन है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की एक महत्वपूर्ण पहल भी है। इसी उद्देश्य को लेकर नवदीप शिक्षण सेवा समिति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार, 15 नवंबर 2026 को सारंगढ़ के साहू धर्मशाला भवन, रानी सागर, कुटेला में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण समारोह में बलौदाबाजार जिले की शासकीय प्राथमिक शाला डेराडीह में पदस्थ शिक्षक तुलसी प्रसाद साहू को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण के लिए प्रतिष्ठित ‘नवदीप गुरु गौरव सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
नवदीप शिक्षण सेवा समिति छत्तीसगढ़ (पंजीयन क्रमांक 122202615637) द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा शिक्षकों के समर्पित योगदान को प्रोत्साहित करना था। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित थे, जबकि लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश के 33 जिलों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

